
इको क्लब के उद्देश्य
यह छात्रों का एक समूह होता है जो पर्यावरण के संरक्षण के लिए जागरूकता लाने, समस्याओं को चिन्हित कर उनके निदान हेतु गतिविधियों में अपनी भागीदारी करते हैं। एक क्लब के गठन के अंतर्निहित उद्देश्यों में बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण के बीच ले जाना और पर्यावरण को कक्षा में पठन-पाठन, पाठ्यक्रम, और गतिविधियों में शामिल करना प्रमुख है। विद्यालय में इको क्लब पर्यावरण शिक्षा गतिविधियों का केंद्र होता है जो इको क्लब के सदस्यों (छात्रों) में उनकी समझ और कौशल को बढ़ाकर उन्हें अपने आसपास के पर्यावरण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाता।
स्कूल में इको क्लब का कार्य
- विद्यालय को स्वतः या समुदाय के सहयोग से घेराबंदी हेतु प्रेरित करना।
- विद्यालय में बिजली का प्रभावी उपयोग, एलईडी बल्ब और सौर लैंप का प्रयोग, तथा आवश्यकता न होने पर बिजली के सभी स्विच बंद करना सुनिश्चित करना।
- इको क्लब के सदस्यों को उनके कार्य एवं दायित्व के प्रति संवेदनशील बनाना।
- इको क्लब के सदस्यों द्वारा स्थानीय पौधों एवं बीजों की जानकारी प्राप्त करना एवं आवश्यकता अनुसार बीजों को विद्यालय परिसर में लगाने हेतु संरक्षित करना।
- विद्यालय परिसर में बगीचा (किचन गार्डन) विकसित करना एवं उसकी सुरक्षा करना।
- छात्रों को वृक्षारोपण द्वारा अपने आसपास के पर्यावरण को हरा-भरा और स्वच्छ रखने के लिए प्रोत्साहित करना।
- स्थानीय जानकारी के आधार पर जल संरक्षण की शुरुआत करना।
- विद्यालय के किचन गार्डन में लगाए गए पौधों के सिंचाई हेतु प्रयोग में लाए जाने वाले वाटर चैनल का निर्माण करना।
- जल संरक्षण की भावना को प्रोत्साहित करना तथा छात्रों को पानी के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रेरित करना।
- सदस्यों के साथ मिलकर मौसमी पौधों को विद्यालय एवं घर के किचन गार्डन में लगाने हेतु प्रोत्साहित करना।
- पर्यावरण दिवस एवं पृथ्वी दिवस के अवसर पर रैली आदि निकालना एवं इको क्लब सदस्यों द्वारा पर्यावरण से संबंधित विशेष प्रोजेक्ट वर्क करना।
- इको क्लब के सदस्यों द्वारा स्थानीय जल स्रोतों की मैपिंग करना एवं उनके अनुसार उचित पौधारोपण की रणनीति बनाना।
- इको क्लब के सदस्यों द्वारा अवशेष पदार्थों को गड्ढे में संग्रहण कर खाद बनाने में उपयोग करना।
- छात्र-छात्राओं को जागरूक करना तथा कचरे को जलाने से रोकने हेतु प्रेरित करना, जो स्वास रोग का कारण बनता है। छात्र-छात्राओं को प्लास्टिक के बैग के उपयोग को कम करने एवं सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकने के लिए संवेदनशील बनाना ताकि नल और सीवर को अवरुद्ध होने से बचाया जा सके, साथ ही मच्छरों के लिए प्रजनन स्थल प्रदान करने से बचा जा सके।
- प्रश्नोत्तरी, निबंध, पेंटिंग प्रतियोगिताएं, रैलियाँ, नुक्कड़ नाटक आदि जैसे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करना, जिनमें विभिन्न पर्यावरणीय मुद्दों के बारे में शिक्षा दी जा सके और बच्चों को बेकार पड़े कचरे से उनका पुनः उपयोग और उससे उत्पन्न उत्पादों की तैयारी के बारे में सिखाया जा सके।
- जीव संरक्षण क्षेत्र, पार्कों, वन क्षेत्र में प्रकृति प्रदर्शनी का आयोजन करना ताकि जैव विविधता के बारे में जानकारी हो सके।
विद्यालय में गठित इको क्लब से लाभ
- पर्यावरण के प्रति जागरूकता और संरक्षण के कर्तव्य का बोध कराने हेतु स्कूल में इको क्लब का गठन किया जाता है, जिससे छात्रों को अनेक लाभ होते हैं।
- इको क्लब के सदस्य बनकर छात्र अपनी पर्यावरण और समुदाय के लिए सक्रिय योगदान देते हैं। इसमें शामिल होने से पहले छात्र अपने जीवन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझते हैं और इसे अपनी दैनिक जीवनशैली में शामिल करते हैं।
- इको क्लब सदस्यों को अधिक से अधिक सीखने और ज्ञान का विस्तार करने का मौका प्रदान करता है।
- इको क्लब के माध्यम से छात्र अपने विद्यालय के समूह के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए साझा गतिविधियाँ आयोजित करते हैं।
- इको क्लब के सदस्य बनने पर इकोलॉजी और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी और सहयोग का मौका मिलता है, जिससे ज्ञान बढ़ता है और अपने विद्यालय और समुदाय के लिए एक सक्रिय बदलावकारी बनते हैं।
शपथ ग्रहण
मैं …………………………………………. शपथ लेता/लेती हूँ कि मैं इको क्लब बाल कैबिनेट पद के लिए चुने जाने पर, मैं अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करूँगा/करूँगी। मैं अपने स्कूल और समाज के प्रति वफादार रहूँगा/रहूँगी और उनके हितों की रक्षा करूँगा/करूँगी।
मैं अपने पद की गरिमा और अधिकारों का उपयोग निष्पक्ष और स्वच्छ तरीके से करूँगा/करूँगी।
मैं अपने साथी छात्रों के साथ मिलकर काम करूँगा/करूँगी और हमारे स्कूल को बेहतर बनाने के लिए प्रयास करूँगा/करूँगी।